छपरा (सारण) : बिहार के छपरा जिले के तरैया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के आदर्श मध्य विद्यालय, तरैया से छठी कक्षा की दो नाबालिग छात्राएं रहस्यमय तरीके से गायब हो गई हैं। इस घटना के बाद से परिजनों को धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, घटना 11 मार्च की है। दोनों छात्राएं दोपहर करीब 1 बजे तक स्कूल में मौजूद थीं। लंच ब्रेक के बाद जब वे अपनी कक्षा में नहीं लौटीं, तो उनकी तलाश शुरू हुई। स्कूल परिसर में छात्राओं के बैग बेंच पर ही पड़े मिले, लेकिन बच्चियों का कोई अता-पता नहीं चला।
मामला तब और गंभीर हो गया जब एक छात्रा के पिता (जो दिल्ली में रहते हैं) के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से बच्ची की फोटो भेजी गई। फोटो में बच्ची के मुंह पर किसी का हाथ रखा हुआ दिख रहा है। फोटो के साथ मैसेज भेजा गया कि तेरी बेटी को मार दूंगा। दूसरी छात्रा के पिता को भी फोन पर इसी तरह की चेतावनी दी गई है, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
घटना के बारे में खबर मिलने के बाद तरैया पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न एंगल से जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग इसे मानव तस्करी या फिरौती के लिए अपहरण का मामला मान रहे हैं। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और बच्चियों की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर तनाव बना हुआ है। पुलिस तकनीकी सेल की मदद से उस अज्ञात नंबर को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है जिससे धमकी भरा संदेश भेजा गया था। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।