नवादा : माह-ए-रमजान का बाइस दिन बीत जाने के बाद अब जिले के अकीदतमंद अपने सबसे प्रमुख त्योहार ईद की तैयारी में जुट गए हैं। इसके लिए सबसे पहले ईद की खरीदारी की जा रही है। बाजारों में रेडीमेड गारमेंट्स व कपड़ा, जूता-चप्पल, ईत्र, सौंदर्य प्रसाधन व किराना की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। गुरुवार को शहर के बाजार सुबह से लेकर शाम तक ग्राहकों से गुलजार रहा। शहर के मेन रोड, विजय बाजार, कलाली रोड, मुस्लिम रोड, लाल चौक व अन्य जगहों पर संचालित दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गयी।
इसके अलावा शहर में संचालित करीब आधा दर्जन भर मॉल में भी काफी संख्या में ग्राहक पहुंचे और खरीदारी की। उधर, जिले के विभिन्न ग्रामीण व कस्बाई बाजारों में भी ग्राहकों से रौनक छायी रही। ईद को लेकर वर्तमान समय में सबसे अधिक भीड़ कपड़ा की दुकानों पर उमड़ रही है। महिलाएं व युवतियां कपड़ा दुकानों पर पहुंचकर कॉटन से लेकर नेट, शिफॉन, जार्जेट, साड़ियां , लेटेस्ट रेंज की कुर्तियां, डिजाइनर सूट, इंडो-वेस्टर्न ड्रेस, सेमी गरारा लुक वाले सूट व गाउन, लेगिज, जिंस व टॉप आदि की खरीदारी कर रही हैं। जबकि, पुरुष वर्ग में कुर्ता-पायजामा ही अधिक खरीद रहे हैं।
शहर के विभिन्न ब्रांडेड शोरूम के संचालकों ने बताया कि सबसे अधिक डिमांड सफेद कुर्ता-पायजामा की है। ग्राहकों की पसंद के अनुसार विभिन्न वैरायटी, प्रिंट व कढ़ाई का कुर्ता-पायजामा का स्टॉक मंगाया गया है। इधर, कुछ युवा वर्ग शर्ट, पैंट व जींस की खरीदारी कर रहे हैं गुरुवार को रखा गया अकीदत के साथ 22 वां रोजा नवादा। माह-ए-रमजान में गुरुवार को अकीदतमंदों ने 220वां रोजा रखा। जिले के अकीदतमंदों ने सुबह में निर्धारित समय से पूर्व सेहरी करने के बाद रोजा रखा। जबकि, शाम में निर्धारित समय के बाद इफ्तार कर रोजा खोला।
21वें रोजा से रमजान का तीसरा अशरा शुरू हो गया। तीसरा अशरा इबादत, एतिकाफ, शब-ए-कद्र की तलाश और जहन्नम की आग से बचने की दुआओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन दिनों अकीदतमंद जकात और फितरा अदा करते हैं और गुनाहों से माफी मांगते हैं। इस बीच, रमजान में रोजे की पाकीजगी के साथ इबादत जारी है, जबकि पाक महीने में प्रत्येक मुसलमान महत्वपूर्ण और अनिवार्य हिदायतों पर भी तत्परता से अमल कर रहे हैं।
हर सेक्टर में पिछले साल की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज
जिले में ईद को लेकर बाजारों में रौनक चरम पर है और व्यापारियों के अनुसार इस साल जिले का कुल कारोबार लगभग 50 करोड़ रुपये के पार रहने का अनुमान है। मुख्य बाजार जैसे पुरानी कचहरी रोड, स्टेशन रोड और गया रोड के कपड़ों के शोरूम में सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ईद के लिए विशेष रूप से मंगाए गए लखनवी कुर्ते, शेरवानी और बच्चों के रेडीमेड गारमेंट्स की सबसे अधिक मांग देखी जा रही है।
फुटवियर और कॉस्मेटिक सेक्टर में भी पिछले साल की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सफेद टोपी और इत्र के साथ-साथ बाजार में खजूर और सेवई की बिक्री हो रही है, जिससे किराना व्यवसायी काफी उत्साहित हैं। स्थानीय व्यापार संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खरीदारों के कारण इस बार बाजार में अधिक उछाल है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि लोग देर रात तक खरीदारी कर सकें।
भईया जी की रिपोर्ट