मोकामा/पटना : बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना पुलिस ने रविवार की देर रात एक कंटेनर ट्रक से लगभग 400 किलो गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार, मोकामा थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तराखंड से आ रहे एक कंटेनर के जरिए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। फोरलेन मार्ग पर सघन वाहन जांच के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। पुलिस की सघन तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर शातिर तरीके से बनाया गया एक गुप्त तहखाना (कैविटी) मिला। जब पुलिस ने उसे खोला, तो उसमें छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 400 किलो गांजा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों में सालिमपुर थाने में तैनात एक होमगार्ड जवान का पुत्र भी शामिल है। इसके अलावा ट्रक मालिक का बेटा और एक स्थानीय व्यापारी भी पुलिस की गिरफ्त में है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उत्तराखंड से चली यह खेप बिहार में किसे सप्लाई की जानी थी। पटना एसएसपी के निर्देश पर मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों और बरामद सामान को पटना ले जाया गया है, जहाँ विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए आगे का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते 22 फरवरी को भी बख्तियारपुर में गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ी गई थी। पुलिस ने मोकामा थाने में कांड संख्या 122/2026 दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से तस्करी गिरोह की कमर टूटेगी।