पटना : बिहार की राजनीति में रविवार का दिन एक बड़े बदलाव का गवाह बना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने आधिकारिक तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रखते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली है। पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी का दामन थामा, जहाँ कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और फूलों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
निशांत कुमार की एंट्री के साथ ही जनता दल यूनाइटेड ने अपनी नई दिशा तय कर दी है। पार्टी ने उनके स्वागत में युवा सोच.. मजबूत संकल्प का नया नारा दिया है। राजनीतिक गलियारों में इसे भविष्य की तैयारी और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की एक बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
निशांत कुमार को पार्टी में शामिल कराने के दौरान JDU के कई बड़े चेहरों का जमावड़ा लगा रहा। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे। वहीं, निशांत के पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम से दूर रहे। सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने अपने सम्बोधन में बेहद संतुलित और गंभीर तेवर देखते हुए सभी का शुक्रिया अदा किया।
वहीँ, उन्होंने कहा कि आपने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूँगा। मुझे, पूरे बिहार और पूरे देश को मेरे पिता जी ने पिछले 20 सालों में जो काम किया है, उस पर गर्व है। मालूम हो कि पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह ही निशांत भी पेशे से एक इंजीनियर हैं। उन्होंने रांची के प्रतिष्ठित BIT मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है। पार्टी के भीतर उन्हें एक पढ़े-लिखे, शांत और गंभीर व्यक्तित्व वाले शख्स के रूप में देखा जाता है।