नवादा : जिले में पिछले 24 घंटे से लापता 15 वर्षीय सायना परवीन आखिरकार मिल गई। उसे मोगलाखार इलाके से बरामद कर बुंदेलखंड थाना लाया गया। हालांकि वह वहां कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में थी, इसका खुलासा होना शेष है। थाना पहुंचने के बाद पुलिस अधिकारियों ने सायना से पूछताछ कर जानकारी जुटाने की कोशिश की। इसके बाद उसे उसकी मां शबाना के साथ आगे की पूछताछ के लिए महिला थाना ले जाया गया, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 6 मार्च को दोपहर 3 बजे घर से निकली सायना आखिर मोगलाखार कैसे पहुंची? और इन घंटों में वह किस हाल में थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह वहां किसके घर या किस जगह पर थी। जरूरत पड़ने पर डॉग स्क्वॉड और अन्य जांच टीमों की मदद ली जा सकती है। सायना के लापता होने की खबर से पूरे अंसार नगर, मोमिन स्कूल और जामा मस्जिद गली में बेचैनी का माहौल था।
पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी और इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी। मामले पर सदर एसडीपीओ हुल्लास कुमार भी लगातार नजर बनाए हुए थे और खुद सायना के घर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे थे। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सायना क्या बताती है और पूरे मामले के पीछे आखिर कौन जिम्मेदार है?
भईया जी की रिपोर्ट