अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आगामी 22 मार्च 2026 को मनाए जाने वाले बिहार दिवस के आयोजन के उद्देश्य से जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि बिहार दिवस को जिले में उत्साह, गरिमा एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाए। इसके अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, खेलकूद प्रतियोगिता तथा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित किया जाए, ताकि बिहार दिवस का आयोजन भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि इस अवसर पर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास तथा राज्य की विकास योजनाओं को प्रदर्शित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियों को समय पर पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट