नवादा : जिले के नेमदरगंज थाना क्षेत्र के धनवारा गांव में ससुराल से महिला का शव बरामद किया गया है। परिजनों ने दहेज विवाद में महिला की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। मृतका की पहचान गोविंदपुर प्रखंड के विशनपुर गांव उमेश मिस्त्री की 28 वर्षीय पुत्री सिंपी कुमारी के रूप में हुई है।
बकौल उमेश पुत्री की शादी वर्ष 2018 में धनवारा गांव के छोटन मिस्त्री के पुत्र राकी मिस्त्री से की थी। इस बीच उसने दो पुत्रियों शिवानी चार वर्ष व छोटी 18 माह को जन्म दिया। लगातार दो पुत्रियों के पैदा होने से पति समेत ससुराल वाले अक्सर मारपीट किया करते थे। इसके साथ ही पुत्रियों की शादी के नाम पर प्रति एक लाख रुपए की मांग पूरी न होने पर हत्या की धमकियां दी जा रही थी।
अचानक पुत्री द्वारा जहर खाने के बाद कभी नवादा तो कभी बिहारशरीफ ले जाये जाने की सूचना मिलने पर जब दोनों जगहों पर पहुंचा तो वहां पता न चलने पर धनवारा पहुंचने पर घर में पुत्री का शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के पूर्व घर के सभी सदस्य फरार हो गए। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस बावत पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
भईया जी की रिपोर्ट