अथमलगोला(पटना) : रंगभरी होली के अवसर पर मगही के ख्यातिलब्ध कवि योगेश्वर प्रसाद सिंह योगेश के नाम से संचालित योगेश फाउंडेशन द्वारा भव्य होली-मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अथमलगोला प्रखंड के नीरपुर गांव स्थित कवि योगेशजी के आवास पर संपन्न हुआ।
पूर्व प्रखंड प्रमुख अनिल सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में “जोगिरा सारा रा-रा” के गायन के साथ अबीर-गुलाल की खूब बरसात हुई। देशी होली गीतों और जोगिरा की धुन पर लोग झूमते-नाचते नजर आए। करजान-सूर्यपुरा की मंडली की प्रस्तुति ने माहौल को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। बताया गया कि यह मंडली वर्षों से क्षेत्र में पारंपरिक होली गायन की परंपरा को जीवंत रखे हुए है। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने करजान-सूर्यपुरा की टीम की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इस परंपरा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। पूर्व प्रखंड प्रमुख एवं पैक्स अध्यक्ष संतोष सिंह के संयोजन में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजकिशोर, महेश प्रसाद सिंह, पूर्व चेयरमैन राजीव कुमार ‘चुन्ना’, डॉ. बलराम सिंह, इंदुभूषण सिंह, अंजनी राज, मनोज सिंह, सतेंद्र सिंह, सुबोध सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी रंग-गुलाल में सराबोर होकर होली के आनंदोत्सव में शामिल हुए। समारोह ने गांव में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया तथा पारंपरिक मगही होली गीतों की गूंज देर तक सुनाई देती रही।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट