पटना : पटना विश्वविद्यालय (PU) छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान के दौरान भारी हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। सेंट्रल पैनल के अध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल यादव द्वारा बैलट पेपर फाड़े जाने और नाम की गड़बड़ी को लेकर किए गए विरोध के कारण कई केंद्रों पर मतदान बाधित हुआ। विवाद की शुरुआत पटना कॉलेज के बूथ नंबर 5 से हुई।
निर्दलीय प्रत्याशी रिंकल यादव ने आरोप लगाया कि उन्होंने पूरे चुनाव प्रचार में अपना नाम ‘रिंकल यादव’ इस्तेमाल किया, लेकिन बैलट पेपर पर उनका नाम रिंकल कुमार छाप दिया गया है। विरोध स्वरूप रिंकल ने बैलट पेपर फाड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हंगामे के कारण पटना कॉलेज में करीब 20 मिनट तक वोटिंग रुकी रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि बैलट पेपर पर पेन से नाम में सुधार किया जाए।
पटना कॉलेज से निकलने के बाद रिंकल यादव अन्य बूथों पर भी विरोध जताने पहुंचे। बीएन कॉलेज में भी बैलट पेपर फाड़ने की घटना सामने आई, जिससे मतदान प्रक्रिया में खलल पड़ा। उम्मीदवार का तर्क है कि नाम की इस गलती से उनके मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। सुबह के समय मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन पटना वीमेंस कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सुबह 11 बजे तक का मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा:
कॉलेज का नाम | मतदान प्रतिशत (11 AM तक)
पटना वीमेंस कॉलेज 32% (सर्वाधिक)
पटना लॉ कॉलेज 27%
आर्ट्स कॉलेज 18%
पटना कॉलेज 16%
साइंस कॉलेज 16%
कॉमर्स कॉलेज 13%
बता दें कि मतदान दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा। शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।