नवादा : जिले के कौआकोल प्रखंड क्षेत्र में विगत चार दिनों से जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। हाथियों का झुंड सोखोदेवरा जंगल से भटककर पचम्बा गांव में किसानों के खेत में उत्पात मचाया। हाथियों के झुंड ने किसान साधु साव,लक्ष्मण साव,सौखी मांझी समेत कई किसानों के खेत में लगे गेहूँ की फसल को रौंद दिया।
हाथियों ने चने की फसल और खेत में लगे सोलर प्लेट को भी नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा कई किसानों के मचान को तोड़कर सब्जियों की फसलें को भी बर्बाद कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का झुंड पचम्बा गांव से मधुरापुर डैम की तरफ निकल गया। बता दें कि दो दिन पूर्व वन विभाग की टीम ने सोखोदेवरा जंगल से हाथियों की झुंड को मशाल, पटाखा एवं लाइट के माध्यम से खदेड़ने का प्रयास किया।
हालांकि ग्रामीणों को अभी भी डर है कि रात को हाथी कभी भी दोबारा मधुरापुर,लालपुर और आसपास के गांवों में धावा बोल सकता है। हाथियों के भय से ग्रामीण रतजग्गा करने को मजबूर हैं। रेंजर सौरभ सांडिल्य ने कहा कि वन विभाग की टीम लगातार हाथियों को सुरक्षित स्थान तक भेजने की कोशिश कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि हाथियों से दूरी बनाए रखें और सतर्क रहें।
भईया जी की रिपोर्ट