पटना/बाढ़ : मुंगेर के सांसद और केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के भव्य अभिनंदन को लेकर पटना जिले के बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा अपने नेता के स्वागत के लिए ज़ोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। केंद्रीय मंत्री के स्वागत के लिए बाढ़ विधानसभा के विभिन्न इलाकों में आकर्षक पोस्टर, बैनर और तोरणद्वार लगाए गए हैं।
आयोजन की कमान संभाल रहे पूर्व मुखिया मुन्ना सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं में अपने सांसद को लेकर भारी उत्साह है। जगह-जगह स्वागत द्वारों के माध्यम से क्षेत्र की जनता अपने नेता के प्रति आभार व्यक्त करने को तैयार है। मंत्री ललन सिंह का यह दौरा मुख्य रूप से जन-संवाद और अभिनंदन पर केंद्रित होगा। अभिनंदन सह जन संवाद का कार्यक्रम बाढ़ विधान सभा क्षेत्र के मलाही, सादिकपुर तथा अगवानपुर में 22 फरवरी रविबार को आयोजित किया गया है।
पूर्व मुखिया मुन्ना सिंह के अनुसार, अगवानपुर के काली मंदिर के निकट हजारों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और आम जनता अपने सांसद का भव्य अभिनंदन करेगी। इस दौरान जन-संवाद कार्यक्रम के जरिए मंत्री सीधे जनता से रूबरू होंगे। इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। स्थानीय प्रशासन और आयोजकों द्वारा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट