– वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूरा होगा कार्य, प्रति अंचल 1.25 लाख रुपये जारी
पटना : राज्य सरकार ने प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए सभी 537 अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है। यह जानकारी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दी।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आम नागरिकों को बेहतर वातावरण में सेवाएं मिलेंगी तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालते ही उन्होंने इसकी घोषणा की थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया गया है।
6.71 करोड़ रुपये का आवंटन
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव गोपाल मीणा द्वारा सभी जिला समाहर्ताओं को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जारी पत्र के अनुसार, सभी 537 अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरों के क्रय एवं अधिष्ठापन के लिए प्रति अंचल 1,25,000 रुपये की दर से कुल 6,71,25,000 रुपये की राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत आवंटित की गई है। यह राशि CFMS के माध्यम से संबंधित कार्यालयों को उपलब्ध करा दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवंटित राशि का उपयोग केवल सीसीटीवी कैमरों की खरीद एवं स्थापना के लिए ही किया जाएगा। किसी अन्य मद में राशि खर्च करना प्रतिबंधित रहेगा।
पटना मुख्यालय में बनेगा कंट्रोल एंड कमांड सेंटर
सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था के लिए पटना मुख्यालय में कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिससे सभी अंचल कार्यालयों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सकेगी। सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर विभाग को अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।
पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि आवंटित राशि की निकासी इसी वित्तीय वर्ष में सुनिश्चित की जाए। यदि किसी कारणवश निकासी लंबित रहती है और देयता अगले वित्तीय वर्ष में चली जाती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारी की होगी। विभाग का मानना है कि इस पहल से अंचल कार्यालयों में कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुरक्षित बनेगी तथा आम जनता का विश्वास और मजबूत होगा।