अरवल -जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा प्रखंड अरवल अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, हैवतपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन योजना तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति, नामांकन की स्थिति एवं शिक्षण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा की।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा पाठ्यक्रम का संचालन निर्धारित समय सारिणी के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। जिला पदाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मियों को स्वच्छता एवं पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, पेयजल एवं शौचालय की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय से जुड़ी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर संबंधित विभागीय पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट