अरवल – जिला पदाधिकारी, अमृषा बैंस द्वारा प्रखंड अरवल अंतर्गत टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, हैवतपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कॉलेज परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति तथा प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कॉलेज प्रबंधन को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण कार्य सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित हो तथा सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं बुनियादी सुविधाओं के बेहतर रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।
साथ ही, प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारी, कॉलेज प्रबंधन एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट