नवादा : जिले के वारिसलीगंज जिला परिषद डाकबंगला में भूमि चयन को लेकर बैठक आयोजित की गई जिसमें वारिसलीगंज चीनी मिल संघर्ष समिति के सदस्यों ने नवादा सांसद विवेक ठाकुर को धन्यवाद देते हुए उनके इस प्रस्ताव की प्रशंसा की। कहा गया है कि वारिसलीगंज इलाके के किसानों का ईख उत्पादन से भावनात्मक जुड़ाव है। साथ ही संसदीय क्षेत्र के बरबीघा, शेखपुरा समेत नालंदा एवं जमुई जिले के किसानों के लाभ के मद्देनजर सांसद विवेक ठाकुर ने वारिसलीगंज को प्रथम वरीयता दी है।
युवा जिला पार्षद अंजनी सिंह व जदयू नेता डा अजय कुमार रविकांत के नेतृत्व में वर्षों से वारिसलीगंज में चीनी मिल के लिए दर्जनों सदस्यों ने बैठक आयोजित किया। वारिसलीगंज-खराठं पथ में बिजली पावर ग्रीड से उतर बिहार सरकार की तकरीबन 70 एकड़ भूमि को चिंहित किया गया है। इसके अलावा सदस्यों ने दरियापुर-मसनखामां-मकनपुर स्थित मणिगढ़ मैदान के पूरब तकरीबन सौ एकड़ अनावाद बिहार सरकार की जमीन चयन कर सांसद विवेक ठाकुर को प्रस्तावित किया है।
सदस्यों ने आपस में रंग-गुलाल लगाकर वर्षों से वारिसलीगंज के चिरपरिचित मांगों को साकार होता देख खुशी का इजहार किया। मौके पर भाजपा नेता श्याम सुंदर सिंह, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष गौतम सिंह,कोंचगांव पंचायत की पूर्व मुखिया राम रतन सिंह,दोसुत पंचायत के पूर्व मुखिया सह भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अशोक पासवान, पूर्व वार्ड पार्षद संजय सिंह,मलख राउत,सूर्यमणि उर्फ मुकेश कुमार,प्रमोद कुमार चुन्नू,जदयू प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार राय सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
बिहार सरकार के निर्णयानुसार राज्य के नवादा समेत 25 जिले में एक अत्याधुनिक चीनी मिल लगाने की योजना है। जिसके तहत संबंधित जिला पदाधिकारी को फैक्ट्री स्थापना को ले 100 एकड़ सरकारी/निजी भूमि चिन्हित कर सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्देश है। इस कड़ी में नवादा सांसद ने जिले के वारिसलीगंज को चीनी मिल लगाने के लिए उपयुक्त मानते हुए क्षेत्रवासियों से सरकारी-निजी भूमि के चयन में सहयोग की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट