पटना : बिहार विधानमंडल के बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान विपक्षी दल सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरने की कोशिश कर रहे हैं। शुक्रवार को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने महिला शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके तबादले की नीति में बदलाव की मांग की है। सदन में अपनी बात रखते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में महिला शिक्षक अपने गृह जिले से दूर दूसरे जिलों में कार्यरत हैं।
राबड़ी देवी ने तर्क देते हुए कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों में ड्यूटी होने के कारण महिला शिक्षकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं पर घर-परिवार और बच्चों की देखभाल की दोहरी जिम्मेदारी होती है, जो गृह जिले से दूर रहकर निभाना चुनौतीपूर्ण है। उनकी सहूलियत के लिए उन्हें उनके गृह जिले या घर के आसपास के क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। जिसके बाद शिक्षा मंत्री ने उनके मांग का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया है।
राबड़ी देवी द्वारा उठाए गए इस संवेदनशील मुद्दे पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है। विभाग उस पर गंभीरता से विचार कर रहा है, उचित कदम उठाए जाएंगे।” विधानसभा और विधान परिषद के बाहर भी विपक्ष ने बेरोजगारी और शिक्षकों की अन्य समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया।