बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और STF की लगातार हो रही कार्रवाई पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। आज बुधवार की सुबह पटना सिटी के गायघाट में कुख्यात अपराधी सूर्या के एनकाउंटर पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार अपराधियों के नाम पर सिर्फ एक खास जाति और धर्म के लोगों को टारगेट कर रही है। आज विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि हमलोग अपराध और अपराधियों के पूरी तहर खिलाफ हैं। लेकिन जिस तरह से राज्य में एनकाउंटर किए जा रहे हैं, वह संदिग्ध है। बड़ा सवाल यह है कि एनकाउंटर में सिर्फ यादवों और मुसलमानों को ही क्यों टारगेट किया जा रहा है? हम हर दिन देखते हैं कि फलाना राय, फलाना यादव, फलाना गोप, फलाना खान, फलाना ये, फलाना वो..। क्या इस धरती पर सिर्फ एक ही जाति के लोग अपराधी हैं?
राज्य की गिरती कानून—व्यवस्था का जिक्र करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा आज बिहार में हालात ये हो गए हैं कि राम मर्डर कर रहा हैं, और रहीम को फंसाया जा रहा है। हम भगवान राम की बात नहीं कर रहे हैं। हम एक उदाहरण दे रहे हैं…। राम मर्डर करते हैं, तो रहीम को फंसाया जाता है और यहां की नीतीश सरकार रहीम को जेल भेज रही है। भाई वीरेंद्र के मुताबिक यह पूरी प्रक्रिया राजनीति से प्रेरित है और एक खास समुदाय में डर पैदा करने की कोशिश है। भाई वीरेंद्र ने दोहराया कि वह किसी अपराधी का बचाव नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन शामिल है, कानून को अपना काम करना चाहिए। लेकिन अगर कार्रवाई का पैटर्न एक जैसा दिखता है तो सवाल उठना स्वाभाविक है।
RJD विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को बचा रही है। मोकामा, बाढ़ और नालंदा जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिन इलाकों में बड़े अपराध हो रहे हैं, वहां पुलिस दखल नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असली अपराधियों को VIP सुरक्षा और राइफल वाले पुलिसवाले देकर बचा रही है, जबकि छोटे-मोटे अपराधियों या एक खास वर्ग के लोगों को एनकाउंटर के नाम पर गोली मारी जा रही है। भाई वीरेंद्र ने सदन के अंदर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बारे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की टिप्पणी के लिए भी उन पर हमला बोला। मुख्यमंत्री के समर्थकों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “अब जब आपने बहुत पैसा कमा लिया है, तो कम से कम यह पक्का करें कि मुख्यमंत्री का सही इलाज हो।” उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार मानसिक रूप से अस्थिर हैं और उन्हें तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत है।