अनुष्का यादव गायब है। बच्ची को जन्म देने के बाद से ही उसका अता पता नहीं है। आखिर अनुष्का यादव कहां है? यह गुहार अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने पटना पुुलिस से लगाई है। पुलिस से अपनी बहन की सुरक्षा और उसे ढूंढ निकालने की गुहार लगाते हुए आकाश यादव ने कहा कि हमारा पूरा परिवार अनुष्का यादव और उसकी नवजात बच्ची को लेकर दहशत में है। अगले 24 घंटे हमारे लिए काफी खास हैं। हमने अपनी सुरक्षा और बहन की तलाश के लिए पुलिस से भी मदद मांगी है। अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने ये भी कहा कि अब वे पूरे साक्ष्य और प्रमाण के साथ सब कुछ साबित करेंगे। तेज प्रताप यादव को भी इसके बाद कोर्ट में जवाब देना होगा?
पर्ची में पिता का नाम तेज प्रताप यादव
दरअसल, अनुष्का की बेटी के पिता होने से तेज प्रताप यादव के इनकार के बाद आकाश ने यह सनसनीखेज आरोप लगाया कि अनुष्का अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर नहीं लौटी है। आकाश यादव ने मीडिया के सामने कहा कि वो कहां है? उसकी रक्षा और तलाश के लिए पुलिस हमारी मदद करे। विदित हो कि अनुष्का यादव ने 08 फरवरी को एक बेटी को जन्म दिया। अनुष्का की बेटी के बाप होने से तेज प्रताप यादव ने इनकार करते हुए कहा कि अनुष्का ने जिस बेटी को जन्म दिया है वो मेरी नहीं है। तेजप्रताप यादव ने आकाश भाटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “बच्ची आकाश भाटी का है।” उन्होंने आगे कहा कि आकाश भाटी अक्सर अनुष्का के फ्लैट आता जाता है। तेज प्रताप के इन आरोपों के बाद पूरा मामला तूल पकड़ लिया। तेज प्रताप यादव के आरोप के बाद आकाश भाटी भी गायब है। इधर, बच्ची को जन्म देने के बाद अनुष्का यादव भी घर नहीं लौटी हैं। इसको लेकर पूरा परिवार दहशत में है।
अनुष्का यादव ने पटना के कंकड़बाग स्थित डॉ. ऋतु राज के वर्लिका मदरहुड हॉस्पिटल में एक बच्ची को जन्म दिया है। अस्पताल की पर्ची में अनुष्का यादव के पति के रूप में तेजप्रताप यादव का नाम अंकित है। इस पर्ची में डॉक्टर की ओर से अनुष्का यादव को कई दवा की पूरी डिटेल दर्ज है। अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है। अनुष्का यादव यहां पिछले कई माह से इलाज के लिए आ रही थी।