पश्चिम चंपारण के बेतिया से एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां ग्रामीणों की तालीबानी दरिंदगी से आहत एक किशोरी ने अपनी जान दे दी। बताया जाता है कि एक प्रेमी जोड़े को गांव वालों ने पकड़ लिया और फिर उनके साथ बतौर सजा सरेआम बर्बरता की तथा इसका वीडियो भी वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद आहत किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना बेतिया के शिकारपुर थानांतर्गत एक गांव की है। जानकारी के अनुसार बीती रात गांव वालों ने एक किशोरी को घर के पीछे बांसवाड़ी में पड़ोस के गांव के एक किशोर के साथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। किशोरी तो किसी तरह गांव वालों के चंगुल से भागकर घर चली आई लेकिन प्रेमी युवक को ग्रामीणों ने निर्वस्त्र कर मुंह में कालिख पोत कर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान ग्रामीणोंं ने इस सारे कृत्य का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। इससे आहत शर्मसार किशोरी ने अपने घर में फांसी लगा ली।
जानकारी के अनुसार बीती रात एक नाबालिग प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई की और उनका वीडियो वायरल कर दिया। नाबालिग प्रेमी की पिटाई के बाद उसके बाल काट दिये और उसे नंगा कर मुंह पर कालिख पोत, चप्पल की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। बाद में किशोर को भी उसके परिजनों को बुलाकर उनके हवाले कर दिया गया। इधर वीडियो वायरल होने के बाद नाबालिग लड़की शर्म से आहत हो गई और उसने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। उधर किशोरी जब भागकर अपने घर पहुंची तो वहां उसके माता—पिता कहीं अन्यत्र गए हुए थे। उसने वीडियो देखने के बाद फांसी लगा ली। इसीबीच जब बेटी की मौत की खबर उसकी मां ने सुनी तो उसे भी दिल का दौरा पड़ गया। मां की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेतिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किशोरी के पिता की सूचना पर डीएसपी और शिकारपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घटना की छनबीन शुरू की। किशोरी के पिता ने इसे खुदकुशी नहीं मानते हुए साजिश के तहत की गई हत्या बताया। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी घर में सो रही थी। उसे जानबूझकर बुलाया गया और साजिश के तहत फंसाया गया। इसके बाद गांव वालों की क्रूरता और अपमान के चलते उसकी जान चली गई। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित किशोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ मिला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या इसमें किसी तरह की आपराधिक साजिश शामिल है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की पहचान कराने के साथ प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।