बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने सनसनी फैला दी है। इंस्टाग्राम से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत इतना खौफनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को ही उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना तेयाय थाना क्षेत्र के रघुनंदनपुर गांव की है।
जानकारी के अनुसार रविवार को सुमन कुमारी नामक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में मृतका के पति चंदन चौधरी और उसकी नाबालिग बेटी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप मढ़ते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने कहानी गढ़ी कि दो बाइक सवार अपराधियों ने पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया है।
हालांकि, एसपी मनीष कुमार के नेतृत्व में जब पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की, तो शक की सुई पति पर जा टिकी। सख्ती से पूछताछ के बाद चंदन चौधरी टूटा और अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस जांच में हत्या की जो वजह सामने आई, वह चौंकाने वाली है। सुमन कुमारी की चार साल पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार और फिर अवैध संबंधों में बदल गई। पति चंदन को इन संबंधों पर शक था और वह लगातार इसका विरोध कर रहा था। पत्नी के बार-बार प्रेमी से मिलने जाने के कारण घर में कलह बढ़ गई थी।
कल यानि कि 01 फरवरी को चंदन अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ साले के घर पूजा में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में शौच के बहाने उसने सुनसान जगह पर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद चंदन ने खुद को निर्दोष दिखाने के लिए खूब आंसू बहाए और गांव के ही एक व्यक्ति को फंसाने की साजिश रची। लेकिन, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बयानों में विरोधाभास के आधार पर उसे धर दबोचा। आरोपी पति को अब जेल भेज दिया गया है।