अरवल – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर समाहरणालय परिसर, अरवल में अवस्थित गांधीमूर्ति के समक्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग एवं मानवता पर आधारित विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि बापू के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से गांधीजी के सिद्धांतों को अपने कार्य एवं व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के क्रम में बापू के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम का सामूहिक गायन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, शांति एवं भावनात्मक एकता से ओतप्रोत हो गया।
उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार सहित विभिन्न जिला स्तरीय कार्यालयों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों के द्वारा गांधी मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने बापू के बताए मार्ग पर चलने तथा सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक समरसता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट