अरवल -जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के सफल संचालन हेतु संबंधित केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ परीक्षा केंद्रों पर सघन गश्ती करने तथा परीक्षा स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु संयुक्त ब्रीफिंग किया गया। विदित हो कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 02 फरवरी 2025 (सोमवार) से प्रारंभ होकर दिनांक 13 फरवरी 2025 (शुक्रवार) को समाप्त होगी।
प्रथम पाली 9:30 पूर्वाहन से 12:45 अपराह्न तक एवं द्वितीय पाली 2 बजे अपराह्न से 5:15 बजे अपराह्न तक निर्धारित है। जिले में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षार्थियों को सूचित किया जाता है कि परीक्षा प्रारम्भ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा कक्ष में प्रवेश करेंगे। सभी प्रतिनियुक्त केन्द्राधीक्षक, वीक्षक एवं अन्य कर्मियों/पदाधिकारियों को परीक्षा केन्द्र पर 7 बजे पूर्वाहन तक निश्चित रूप से पहुंचने हेतु निदेशित किया गया। परीक्षार्थियों को बैठने संबंधी सीट प्लान परीक्षा कक्ष के बाहर मुख्य द्वार पर अथवा सूचना पट पर निर्धारित सूचनाएँ स्पष्ट रूप से चस्पा करेंगे। परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
सभी परीक्षा केन्द्रों पर 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षार्थी अपने साथ केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र एवं कलम लेकर प्रवेश करेंगे। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग नहीं रखेंगे तथा जूता मौजा पहनकर प्रवेश नहीं करेंगे। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी केन्द्राधीक्षक को निदेशित किया गया कि सभी प्रतिनियुक्त वीक्षक, अनुसेवक एवं प्रतिनियुक्त अन्य कर्मी का पहचान पत्र निर्गत करना सुनिश्चित करेंगे। प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों को परीक्षा केन्द्र परिसर में बिना पहचान पत्र के प्रवेश नहीं होगा। परीक्षा केन्द्र में कोई भी व्यक्ति बिना पहचान पत्र के पाया जाता है तो उनपर दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।
परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, लाइटिंग, बेंच डेस्क, सीसीटीवी कैमरा, दीवार घड़ी, वीडियोग्राफी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला पदाधिकारी द्वारा निदेशित किया गया कि छात्र एवं छात्राएँ की फ्रिस्किंग अवश्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। परीक्षार्थियों एवं प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, वीक्षक के लिए मोबाइल या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षा अवधि में दंड प्रावधान संहिता की धारा 1981 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेंगे। परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में संचालन कराने के उद्देश्य से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष से हर पल मॉनिटरिंग किया जाएगा।
जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06337-229494, 228191, 228008 एवं वाटसएप नं0 8235230817 है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे अपने कर्तव्य एवं दायित्व का समय से निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त परीक्षा आयोजन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अपर समाहर्ता. उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट