बिहार के शेखपुरा जिलांतगर्त टाउन थानाक्षेत्र के पथलाफार गांव निवासी एक परिवार के तीन लोगों की तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बेरहमी से हत्या कर दिये जाने की खबर है। वारदात को चेन्नई के अडयार थाना क्षेत्र में इंदिरा नगर इलाके में अंजाम दिया गया जहां पिता और पुत्र के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि पत्नी का शव कचरे के ढेर में तलाशा जा रहा है। चेन्नई पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों में पथलाफार निवासी 28 वर्षीय गौरव यादव, उसकी पत्नी मोनी कुमारी और डेढ़ साल का मासूम पुत्र गुडडु शामिल हैं। बीते दिन देर शाम को गौरव यादव का शव शेखपुरा स्थित उसके गांव पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया।
पत्नी के मायके का परिचित है आरोपी
मृतक के बड़े भाई सौरव यादव के मुताबिक, चेन्नई पुलिस ने दो दिन पूर्व गौरव यादव का शव इंदिरा नगर में एक बाइक शो रूम के पास बंद बोरे से बरामद किया। जबकि उसके डेढ़ साल के मासूम पुत्र गुड्डू का शव बीते दिन पुलिस नें मध्य कैलाश के पास कूउम नदी से बरामद कर लिया। वहीं गौरव यादव की पत्नी मोनी कुमारी के शव की तलाश पेरूंगुडी डंपिंग यार्ड के कचरे के ढेर में पुलिस तालाश रही है। खबर है कि चेन्नई पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में नालंदा जिला के बहुआरा गांव के उपेन्द्र यादव सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर ही पिता-पुत्र के शव को बरामद किये गए हैं। मृतक गौरव कुमार का ससुराल नालंदा जिला के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सूखाननपुर है, जहां से कुछ ही दूरी पर मुख्य आरोपी उपेंद्र यादव का गांव बहुआरा है। पड़ोसी होने के नाते उपेंद्र यादव और मृतक की पत्नी मोनी कुमारी में जान पहचान थी।
काम के बहाने चेन्नई बुलाया और कर दिया कांड
मृतक के पिता सुरेन्द्र यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी उपेन्द्र यादव ही मेरे पुत्र को काम कराने के लिए चेन्नई के अडयार ले गया था। कहा जाता है कि पूर्व से ही उपेंद्र यादव का आना-जाना मोनी कुमारी के मायके में लगा रहता था. ग्रामीणों के मुताबिक, गौरव कुमार अपने गांव कम ही आता था और पत्नी मोनी कुमारी मायके में रहती थी. वहीं से उपेंद्र यादव नें मोनी कुमारी को चेन्नई बुलाया था तो वह पहली बार अपने पति के साथ 12 दिन पूर्व चेन्नई के लिए निकली थी। वहीं मृतक के पिता ने बताया कि मेरा पुत्र वहां एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रुप में काम करता था। मकर संक्रांति के दूसरे दिन 16 जनवरी को मेरा पुत्र अपनी पत्नी को लेकर भी अडयार लेकर चला गया था। चेन्नई पुलिस की सूचना पर उन्हें पुत्र, पुत्रवधु और पौत्र के मारे जाने की सूचना मिली है। पिता और पुत्र की लाश एक कचरे के ढेर पर एक बोरे में बंद मिली है जिसमें बेरहमी से मारकर कई टुकड़ों में करके हत्यारों ने फेंक दिया था। जबकि उसकी पुत्रवधु को मारकर फेंक दिया गया है और अब उसके शव की तलाश की जा रही है।