मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गुरुवार को अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान सिवान पहुंचे जहां वे विकास कार्यों की समीक्षा और करीब 200 करोड़ की योजनाओं की सौगात देने वाले है। लेकिन वे अभी सिवान पहुंच कर विकास कार्यों की समीक्षा कर ही रहे थे की उनके इस समीक्षा वाली जगह से महज 7 किमी की दूरी पर एक बड़ा धमाका हो गया। सीएम के सिवान दौरे के दौरान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में यह बड़ा धमाका हुआ। खबर है कि हुसैनगंज के बड़रम गांव में अचानक तेज धमाके के साथ बम विस्फोट हुआ जिसमें एक युवक के चिथड़े उड़ गए। इस घटना के बाद सिवान के पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो जाने की सूचना है। इसके बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। खास बात ये कि यह धमाका मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से महज 7 किलोमीटर दूरी पर हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विस्फोट पटाखा ब्लास्ट के कारण हुआ। घटना के समय मुख्यमंत्री नीतीश सिवान के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इसबीच खबर आई कि हुसैनगंज थानाक्षेत्र में बड़ा धमाका हुआ जिसमें एक युवक की मौत हो गई। तेज धमाके की आवाज से विस्फोट स्थल के आसपास के लोग दहशत में आ गए और घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया कि वहां पटाखा ब्लास्ट हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची हुई है और अनुसंधान कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में कहा गया कि पटाखा बनाने के दौरान हुई गलती से यह विस्फोट हुआ है।
उधर धमाके के बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़रम गांव में अवैध रूप से पटाखा या विस्फोटक सामग्री बनायी जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई है, जबकि आस-पास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। विस्फोट की इस घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल वहां पुलिस मलबा हटाने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमाका किस तरह का था और इसमें और कितने लोग शामिल थे। मौके पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को भी जांच के लिए बुलाया है।