अरवल – जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। 24 जनवरी 2026 को अरवल एवं जहानाबाद जिला संयुक्त रूप से किंजर हाई स्कूल के खेल मैदान में जयंती समारोह आयोजित करेंगे। इसको लेकर अरवल जदयू जिला कार्यालय में जदयू जिला अध्यक्ष मिथिलेश कुमार यादव की अध्यक्षता में एक अहम बैठक संपन्न हुई।
बैठक में कुर्था विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक पप्पू वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और यह निर्णय लिया गया कि किंजर हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाला समारोह भव्य, अनुशासित एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने वाला होगा। अरवल एवं जहानाबाद दोनों जिलों के कार्यकर्ता मिलकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप देंगे।
जिला अध्यक्ष मिथिलेश कुमार यादव ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर बिहार ही नहीं, बल्कि देश के सबसे ईमानदार, सादगीपूर्ण और समाजवादी विचारधारा के महान नेता थे। वे दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने गरीब, पिछड़े, अति पिछड़े और वंचित वर्ग को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया। उनकी नीति थी कि शासन का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। उनकी जयंती के माध्यम से हम नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और सिद्धांतों से जोड़ेंगे।
वहीं कुर्था विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक पप्पू वर्मा ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने अपने पूरे जीवन में सादगी, ईमानदारी और सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बिहार में अति पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देकर समाज के दबे-कुचले वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। वे सत्ता में रहकर भी आम आदमी की तरह जीवन जीते थे। किंजर हाई स्कूल मैदान में होने वाला यह आयोजन उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम बनेगा और अरवल-जहानाबाद के लिए यह समारोह ऐतिहासिक साबित होगा।
बैठक में जदयू पूर्व जिला अध्यक्ष रामकिशोर वर्मा, जदयू वरिष्ठ नेता रामजन्म सिंह, उपाध्यक्ष साकेत कुमार उर्फ टूटू शर्मा, जिला महासचिव मिथलेश कुशवाहा, जदयू नेता अमित चंद्रवंशी, जिला सचिव पंकज कुशवाहा, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विद्यानंद सिंह, जिला कार्यालय प्रभारी विजय सिंह, छात्र जिला अध्यक्ष सुजीत मौर्य, नेता मनोरंजन कुमार उर्फ गुड्डू पटेल, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष चंदन चंद्रवंशी, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष पुष्पा कुमारी, कलेर प्रखंड अध्यक्ष पिंटू निषाद, बंसी प्रखंड अध्यक्ष रामसुंदर सिंह, कुर्था प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, वरिष्ठ नेता प्रोफेसर शंभू सिंह, जाजपुर प्रखंड अध्यक्ष निरंजन कुशवाहा सहित जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट