बांका : प्यार, शादी और फिर विश्वासघात का एक हैरान कर देने वाला मामला बांका जिले के शंभूगंज थाने में सामने आया है। नोएडा में बतौर इंजीनियर कार्यरत एक युवती नीलू कुमारी ने अपने पति पर न सिर्फ दहेज उत्पीड़न, बल्कि उसे अंधेरे में रखकर तीन शादियां करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित नीलू अपनी मां के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
फेसबुक से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
मामले की शुरुआत साल 2023 में हुई थी। शंभूगंज थाना क्षेत्र के चटमाडीह गांव की रहने वाली नीलू कुमारी नोएडा में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात फेसबुक के जरिए मुंगेर जिले के फरदा गांव निवासी नवनीत राज से हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने शादी करने का फैसला किया। परिजनों की सहमति से साल 2024 में दोनों की धूमधाम से शादी हुई।
बेटी के जन्म के बाद बदला पति का रंग
नीलू के अनुसार, शादी के कुछ महीनों तक सब ठीक रहा। लेकिन जैसे ही उनके घर एक नन्हीं बेटी का जन्म हुआ, नवनीत का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। आरोप है कि बेटी के जन्म से नाराज पति ने नीलू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और 10 लाख रुपये दहेज की मांग कर डाली। असमर्थता जताने पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का दौर शुरू हो गया।
एक-दो नहीं, बल्कि तीन शादियों का खुलासा
पीड़िता को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उसे पता चला कि वह नवनीत की पहली नहीं, बल्कि दूसरी पत्नी है। नवनीत ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर नीलू से शादी की थी। धोखे की इंतहा यहीं खत्म नहीं हुई; जब नीलू से दहेज की मांग पूरी नहीं हुई, तो आरोपी पति ने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए मधुबनी की शिवानी कुमारी से तीसरी शादी भी रचा ली।
सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
शंभूगंज थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि “पीड़िता नीलू कुमारी अपनी मां के साथ थाने आकर आरोपी पति नवनीत राज के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आरोपों की पुष्टि होते ही आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”