नवादा : जिले में ठंड की विदाई अभी हुई नहीं कि शहनाइयों की गूंज शुरू होने वाली है। हालांकि जनवरी में शुक्रास्त प्रभावी रहेगा, इस कारण ज्योतिषीय गणना के अनुसार, नए वर्ष 2026 के फरवरी से ही अब बैंड-बाजे बज पाएंगे और शुभ कार्य हो पाएंगे। शुक्रास्त की बाधा के समापन के बाद आगामी 05 फरवरी से वैवाहिक विधान के साथ ही अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी, जिससे अब तक सुस्त पड़े बाजार में रौनक छाने की प्रबल संभावना बन रही है। बाजार को रवानगी मिलने की उम्मीदों के बीच कारोबारी उत्साहित दिख रहे हैं।
शुक्र अस्त का पेंच
खरमास 14 जनवरी 2026 यानी बुधवार को मकर संक्रांति के साथ समाप्त हो गया। सामान्यतः मकर संक्रांति के बाद शादियां शुरू हो जाती हैं, लेकिन इस बार पंचांग में एक बड़ा पेंच फंसा हुआ है। 2026 की शुरुआत में शुक्र तारा अस्त रहेगा। हिंदू विवाह पद्धति में शुक्र का उदय होना दांपत्य सुख के लिए अनिवार्य माना जाता है। विभिन्न पंचांगों के मुताबिक, जनवरी 2026 में विवाह के लिए कोई भी शुद्ध मुहूर्त नहीं बन रहा है।
हालांकि, कुछ पंचांगों के अनुसार, 23 जनवरी बसंत पंचमी को अबूझ मुहूर्त माना जा सकता है, लेकिन विधिवत लग्न की शुरुआत फरवरी से ही होगी। अबूझ मुहूर्त में सामान्य रूप से बिना मुहूर्त के भी विवाह का रिवाज है, लेकिन इस मुहूर्त में लोग शादी करना पसंद नहीं करते, इसलिए इसे नगण्य ही कहा जा सकता है। शुक्र तारा अस्त होने के कारण, खरमास खत्म होने के बावजूद शहनाइयां बजने के लिए लोगों को फरवरी 2026 तक का इंतजार करना पड़ेगा।
100 करोड़ का होगा बाजार, बाजार रहेंगे गुलजार
नए साल में लग्न की शुरुआत के साथ ही बाजार के गुलजार होने की उम्मीद जग गयी है। बाजार के जानकार बताते हैं कि कम-से-कम एक सौ करोड़ से अधिक के कारोबार की संभावना है। केवल कपड़ों का कारोबार शादी-विवाह के कारण 10 करोड़ से अधिक का रहने की उम्मीद है। होटलों में बुकिंग हो रही है जबकि वाहनों की बुकिंग भी परवान पर है। फूल बाजार और कॉस्मेटिक बाजार भी लग्न को लेकर पूरी तरह से तैयार है। दो पहिया और चार पहिया वाहनों के बाजार में भी रौनक छाने का मौसम आ गया है।
आर्चायों व पंडितों की हो रही बुकिंग
खरमास खत्म होते ही शादी-विवाह कराने वाले आचार्य पंडितों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। लग्न संबंधी पूछताछ को लेकर भी जरूरतमंद लोग विप्रजनों को आमंत्रित कर रहे हैं। शोभ मंदिर समेत तमाम मंदिरों में शादी-विवाह की व्यवस्था को लेकर पंडा समाज की तैयारियों भी जारी हैं।
उल्लेखनीय है कि नवादा स्थित पंचमुखी शोभ मंदिर में शादियों की होड़ लगी रहती है। इसके अलावा भी हिसुआ नउआबागी समेत मेसकौर के सीतामढ़ी, ककोलत जलप्रपात , अकबरपुर कन्नौज शिव मंदिर आदि स्थित धर्मस्थलों पर काफी शादियां होती हैं।
वर्ष 2026: विवाह शुभ मुहूर्त विवरण :- फरवरी 2026 (विवाह की कुल 15 शुभ मुहूर्त): शुभ तिथियां: 5, 6, 7, 11, 12, 13, 14, 18, 19, 20, 21, 22, 25, 26 और 27 फरवरी। मार्च 2026: (होली को छोड़कर मार्च में कुल 09 शुभ मुहूर्त) शुभ तिथियां: 1, 2, 4, 5, 6, 7, 10, 11 और 12 मार्च।
भईया जी की रिपोर्ट