अरवल – जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार आंगनवाड़ी केंद्रों पर टेक-होम राशन का वितरण समाज कल्याण विभाग के आईसीडीएस निदेशालय के निर्देशानुसार एवं जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में आज अरवल जिला के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर टेक-होम राशन (THR) का वितरण सफलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों एवं अन्य चिन्हित लाभुकों को पोषणयुक्त टेक-होम राशन उपलब्ध कराया गया।
टेक-होम राशन का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, कुपोषण की समस्या को कम करना तथा लाभुकों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर वितरण कार्य पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न किया गया। इस दौरान लाभुकों को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित पोषण सेवन तथा मातृ-शिशु देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) माला कुमारी द्वारा बताया गया कि टेक-होम राशन वितरण की प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है. ताकि सभी पात्र लाभुकों तक समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण सामग्री पहुंच सके। साथ ही आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को वितरण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। जिला पदाधिकारी, अरवल द्वारा यह निर्देश दिया गया है कि पोषण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। जिला प्रशासन कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सतत प्रयासरत है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट