अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आमजनों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, अरवल द्वारा निरंतर विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत परिवहन विभाग, अरवल के तत्वावधान में सदर अस्पताल, अरवल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा आमजन को यह संदेश देना था कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है. बल्कि यह मानव जीवन की रक्षा से जुड़ा एक सामाजिक दायित्व भी है।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी अमनप्रीत सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ ऐसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से आमजन को सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें तथा सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं।
रक्तदान शिविर में सदर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का भी सक्रिय सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित एवं सुचारू रूप से रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान आगे भी जागरूकता रैली, परिचर्चा, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन की योजना है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट