मुजफ्फरपुर में एक ही परिवार के चार लोग मृत पाए गए हैं। चारों लोगों के शव बूढ़ी गंडक नदी के किनारे से बरामद किए गए हैं। इससे शहर में सनसनी मच गई है। पुलिस शवों की पहचान कराने में जुटी है। समझा जाता है कि सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। नदी किनारे चार शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में एक महिला और उसके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा पुल के नीचे की बताई जा रही है। आशंका है कि चारों की हत्या कर शव नदी किनारे फेंक दिया गया।
बताया गया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपुष्ट खबरों के मुताबिक मृतका की पहचान कृष्णमोहन की पत्नी ममता के रूप में हुई है। उसके साथ बेटी कृति और दो बेटे अंकुश व आदित्य के शव वहां मिले हैं। परिजनों के अनुसार ममता और उसके बच्चे 10 तारीख से ही लापता थे। पति ने इस सिलसिले में किडनैप कर हत्या कर दिये जाने का आरोप लगाया है। इस कांड में शादी की नीयत से अपहरण और फिर हत्या की बात भी सामने आ रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि मुजफ्फरपुर के अहियापुर में बूढ़ी गंडक नदी के लकड़ीढाई घाट किनारे ये सभी शव देखे गए जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी वहां बुलवाया है और गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि चार शवों में पति—पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं और हो सकता है कि उन्होंने किसी कारणवश आत्महत्या कर ली हो। अभी हत्या या आत्महत्या पर कुछ भी आधिकारिक रूप से नहीं कहा जा रहा है। ग्रामीण अपने—अपने तरह से हत्या के कारणों की बात कर रहे हैं। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट आने पर ही मौत की असल वजह का पता चलेगा। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी जुटाने के लिए व्हाटसएप पर भी लोगों से अपील जारी की है।