बिहार सरकार करा रही निःशुल्क बोन मैरो ट्रांसप्लांट : मंगल पांडेय
पटना। राज्य सरकार थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों को नया जीवन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय ने बताया कि थैलेसीमिया (मेजर) से पीड़ित 7 बच्चों का एक नया बैच 13 जनवरी को बोन मैरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) के लिए तमिलनाडु स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेल्लोर रवाना किया गया। यह थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों का सातवां बैच है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, संवेदनशील और सर्वसुलभ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सातवें बैच में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित बच्चों को शामिल किया गया है। इनमें मधुबनी, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, वैशाली, सीतामढ़ी, खगड़िया एवं पूर्वी चंपारण जिले से एक-एक बच्चा शामिल है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व अलग-अलग चरणों में कुल 26 बच्चों का सफलतापूर्वक बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जा चुका है। राज्य सरकार थैलेसीमिया, हीमोफिलिया एवं सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार और देखभाल के लिए बहुस्तरीय प्रयास कर रही है। इसके तहत राज्य में 6 एकीकृत डे-केयर केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां जांच, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, आयरन चेलेटिंग दवाएं, एंटी हेमोफिलिक फैक्टर (एएचएफ) ट्रांसफ्यूजन सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री बाल थैलेसीमिया योजना के तहत 12 वर्ष से कम आयु के योग्य बच्चों के लिए बिहार सरकार ने सीएमसी वेल्लोर के साथ एमओयू किया है। इस योजना के अंतर्गत जिन बच्चों का भाई या बहन एचएलए मैच करता है, उनका सीएमसी वेल्लोर में निःशुल्क बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के बोन मैरो ट्रांसप्लांट और संपूर्ण उपचार पर राज्य सरकार प्रति मरीज लगभग 15 लाख रुपये खर्च करती है। इसमें मरीज, डोनर और माता-पिता की हवाई यात्रा, अस्पताल में इलाज, वेल्लोर में आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक खर्च शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में ऐसी योजनाओं को और अधिक प्रभावी तथा व्यापक बनाया जाएगा।