पटना। राजधानी पटना-मोकामा के बीच स्थित बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला प्रखंड के जमालपुर गांव में प्रखंड प्रमुख रीना देवी के नेतृत्व में सामाजिक शांति-सद्भाव का संदेश देने हेतु दही-चूड़ा भोज सह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में अथमलगोला प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजकिशोर सिंह ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथियों में विधान पार्षद सह जद(यू) प्रवक्ता नीरज कुमार, भाजपा विधायक डॉ. सियाराम सिंह, सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मो. इर्शाददुल्लाह, जद(यू) जिलाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, जिला कार्यवाह डॉ. अंजेश कुमार, जद(यू) नेता रामकुमार शर्मा, गोपालजी सहित कई प्रमुख सामाजिक-राजनीतिक हस्तियां शामिल रहीं।
अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आनंद लिया। इसके उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रख्यात ग़ज़लकार एवं भजन गायक धीरजकांत की मधुर गायकी ने समां बांध दिया। उनके गीत-ग़ज़लों पर लोग घंटों भाव-विभोर होकर झूमते रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया गया। आयोजन की आसपास के ग्रामीणों एवं आगत अतिथियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला बताया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट