पटना/बेगूसराय : आरजेडी सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। इस वीडियो में सांसद एक जाति विशेष के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की मानसिकता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजद के नेता “MY समीकरण को बंधुआ मजदूर समझती है। लेकिन जनता अब समझदार हो गई है।
बेगूसराय पहुंचे गिरिराज सिंह ने मीडिया से बातचीत में आरजेडी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा आरजेडी को लगता है कि वे अपने समर्थकों को गाली दें या उनके साथ मारपीट करें, सब जायज है। आरजेडी की सोच यह बन चुकी है कि ‘MY’ (मुस्लिम-यादव) समीकरण उनका स्थायी वोट बैंक है और वे कहीं नहीं जाएंगे। इसी अहंकार के कारण उनके नेता जनता का अपमान कर रहे हैं। वहीँ, उन्होंने चेतावनी दी कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और इस तरह के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेगी।
केंद्रीय बजट 2026: 1 फरवरी की परंपरा पर बोले गिरिराज
वीडियो विवाद के अलावा, गिरिराज सिंह ने 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि पहले बजट 31 मार्च को आता था जिससे योजनाएं लागू करने में देरी होती थी। अब 1 फरवरी को बजट आने से पूरे वित्तीय वर्ष की प्लानिंग समय पर हो पाती है। इस बार बजट के दिन रविवार होने पर उन्होंने कहा कि यह और भी बेहतर है, क्योंकि छुट्टी होने के कारण पूरा देश टीवी पर बजट को ध्यान से देख सकेगा और समझ सकेगा।