पटना : राजधानी पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक प्रखंड की दरबे–भदौर पंचायत स्थित दरबे गांव में भव्य श्रीराम–जानकी मंदिर का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। मंदिर निर्माण के पूर्ण होने से टाल क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीणों में भारी उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखा जा रहा है।
इस संबंध में श्रीलक्ष्मीनारायण सेवा न्यास के अध्यक्ष सह मुखिया नीतेश कुमार ने बताया कि टाल क्षेत्र में श्रीराम–जानकी मंदिर के निर्माण से क्षेत्रवासियों में धार्मिक चेतना और आस्था का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब केवल श्रीराम–जानकी की आकर्षक प्रतिमा क्रय कर लाना तथा वैदिक विधि-विधान से विद्वान आचार्यों द्वारा प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कराना शेष है, जिसे शीघ्र ही एक विशाल धार्मिक समारोह के साथ संपन्न कराया जाएगा।
वहीं न्यास के कोषाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि मंदिर के शेष कार्यों को पूर्ण करने हेतु श्रद्धालुओं एवं धर्मपरायण लोगों से सहयोग का आग्रह किया गया है। सहयोग के लिए श्रीलक्ष्मीनारायण सेवा न्यास द्वारा पंजाब नेशनल बैंक, भदौर का खाता विवरण जारी किया गया है—
आईएफएससी कोड : PUNB0129000
खाता संख्या : 1290000100195789
कोषाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि मंदिर निर्माण में न्यास के पदाधिकारियों, स्थानीय ग्रामीणों एवं धर्मपरायण लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है, जिससे यह पुण्य कार्य सफलतापूर्वक अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मंदिर निर्माण के पूर्ण होने से दरबे गांव सहित पूरे टाल क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट