बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर आज शुक्रवार को तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव की पार्टी अब खत्म होने की कगार पर है। दानापुर से भाजपा विधायक और नीतीश सरकार के वरीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि हार बर्दाश्त न कर पाने के कारण तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर चले गए हैं और जनता के बीच जाने से कतरा रहे हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरजेडी के सभी 25 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। रामकृपाल यादव के इस ताजा बयान के बाद बिहार के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
हार को पचा नहीं पा रहे नेता प्रतिपक्ष
पटना में मीडिया से बात करते हुए बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सभी 25 विधायक बीजेपी के संपर्क में हैं। वे किसी भी समय हमारे साथ आ सकते हैं। तेजस्वी यादव की पार्टी खत्म हो चुकी है और अब वे जीरो पर आउट हो जाएंगे। रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार चुनाव में जनता ने राजद को बुरी तरह से पराजित किया है। इस वजह से तेजस्वी यादव हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। हार की हताशा में वे जनता से मिलने में शरमा रहे हैं। कृषि मंत्री ने तेजस्वी यादव के विदेश जाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनको हार बर्दाश्त नहीं हुआ। जनता के बीच जाने में शर्म हुआ तो भागकर विदेश चले गए। मैं गंभीरता के साथ कह रहा हूं कि उनके सभी 25 विधायक हमारी पार्टी के काॅन्टेक्ट में हैं। कभी भी वे भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। अपनी पार्टी संभालो, कुछ बचा नहीं है।
पक्ष मुक्त विधानसभा चाह रहे : राजद
इधर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के इस ताजा बयान के बाद बिहार में सियासत गरमा गई है। उनके बयान पर पलटवार करते हुए राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जैसे-तैसे मशीनरी मैनेजमेंट करके एनडी को 202 सीटों का जनादेश तो मिल चुका है। इसके बावजूद वे लोग अब भी बेचैनी में हैं। दरअसल, ये लोग बिहार में विपक्ष मुक्त विधानसभा चाहते हैं। राजद के अलावा कांग्रेस की तरफ से भी रामकृपाल यादव के इस बयान पर प्रतिक्रिया आई। कांग्रेस प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा कि कृषि मंत्री रामकृपाल यादव को किसानों से तो कोई मतलब है नहीं। कृषि मंत्री होकर भी उन्हें किसानों के हालात की कोई चिंता नहीं है। केवल अनाप—शनाप अनर्गल बयानबाजी करने में व्यस्त हैं। इन लोगों को बिहार के किसानों और आम लोगों की कोई चिंता नहीं है।