नवादा : जिले में अपराध सर चढ़कर बोल रहा है। शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब हत्या की खबरें न आती हो। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। ताज़ा मामला रजौली थाना क्षेत्र के पुरानी हरदिया कचहरिया डीह का है । शुक्रवार को लगभग तीन बजे पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान कचहरिया डीह निवासी गोपाल मिश्रा की 50 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। पत्नी की हत्या के बाद पति घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटनास्थल पर मौजूद रहे मृतका के भैंसुर शम्भु मिश्रा ने बताया कि उसका भाई गोपाल मिश्रा नशे का सेवन करता है। अक्सर आसपास के लोगों से झगड़ा करते रहता है। गोपाल मिश्रा के गुस्सैल व्यवहार से परिजनों से भी उनका मेलजोल नहीं रहता है। शुक्रवार को लगभग तीन बजे गोली मारकर ईंट भट्ठा की ओर भाग गया। मृतका के पुत्र श्रीकांत कुमार ने बताया कि उनके पिता अक्सर धमकी दिया करते हैं। उनका दो जगह घर है। एक घर अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के बड़का बुधुआ है। वहां से वह अपनी मां को साथ लेकर घटना के कुछ देर पहले ही पुरानी हरदिया आया था। जिसके बाद पिता ने गोली मारकर मां की जान ले ली। गीता देवी का शव घर के समीप पड़ा था। पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच शुरू की। मृतका का एक बेटा और एक बेटी है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेटे ने पिता पर लगाया मां की हत्या का आरोप
मृतका के पुत्र श्रीकांत कुमार और पुत्रवधू घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे अपनी पत्नी,बहन और मां के साथ अकबरपुर थाना क्षेत्र के बुधुआ गांव पैतृक घर में रहा करते थे। पिता द्वारा बेटे पर काफी दवाब बनाकर शुक्रवार को रजौली बुलवाया था। मां गीता देवी को छोड़कर गए हुए आधे घंटे भी नहीं हुए थे, कि पिता ने ही बेटे को फोन करके सूचित किया कि तुम्हारी मां को गोली लगी है। जल्द उसे अस्पताल ले जाकर इलाज करवाओ, किंतु जब बेटे और बहू हरदिया स्थित अपने घर पहुंचे,तो मां गीता देवी को मरा पाया। इस घटना से हर कोई हतप्रभ है।
कहती है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम में रहे एएसआई सुरेन्द्र यादव एवं एसआई पप्पू कुमार पहुंचे। रजौली थाना से प्रभारी थानाध्यक्ष सह एसआई अजय कुमार के साथ एएसआई अमित कुमार व एएसआई संजय कुमार यादव सशस्त्र पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर गहनता से निरीक्षण किया। परिजनों व पड़ोसियों से आवश्यक जानकारी ली। प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि महिला की मौत गोली लगने से हुई है। गोली चलाने वाला व्यक्ति महिला का पति बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी को ले छापामारी की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट