पटना। आगामी 20 नवंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, वीवीआईपी प्रवेश मार्ग, सुरक्षा प्रबंधन तथा आगंतुकों के लिए की जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अतिथियों की संख्या, नवनिर्वाचित विधायकों, एनडीए के नेताओं और आमंत्रित गणमान्यों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेराबंदी और यातायात प्रबंधन की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल होंगे, जिसके लिए प्रशासन ने विशेष सुरक्षा और प्रबंधन की तैयारियां की हैं।
प्रधानमंत्री समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की जीत के बाद होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों तथा देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने इसको लेकर विशेष प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे शीर्ष अधिकारी निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री नितिन नवीन, मंत्री संजय सरावगी सहित कई मंत्रिगण मौजूद थे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं कैबिनेट सचिवालय विभाग के सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल आयुक्त अनिमेष पराशर, पटना रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जीतेन्द्र राणा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित राज्य प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
गांधी मैदान सजाया जा रहा आकर्षक रूप में
करीब 10 साल बाद गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो रहा है। इसे देखते हुए मैदान को भव्य और आकर्षक रूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद प्रबंध किए हैं। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं और सभी विभाग पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट