PM मोदी और CM नीतीश कुमार की डबल इंजन वाली सरकार ने बिहार में NDA को प्रचंड जीत दिला दी है। 243 विधानसभा सीटों वाले बिहार विधानसभा की एनडीए ने 202 सीटों पर जीत हासिल की है। बिहार चुनाव में बंपर जीत के बाद अब एनडीए में नई सरकार और कैबिनेट के गठन पर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर कल शाम और आज सुबह से ही नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह आज सुबह—सुबह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और नीतीश से गहन मंत्रणा की। इसके बाद लोजपा आर के नेता चिराग पासवान ने भी सीएम आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश से मुलाकात की।
बताया जा रहा कि नई सरकार और कैबिनेट के गठन पर इन नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश से मंथन की। दोपहर बाद भाजपा के सम्राट चौधरी और अन्य वरीय नेताओं के भी सीएम हाउस पहुंचने की खबर है। भाजपा, जदयू और एनडीए के बाकी सहयोगी दलों के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री देर शाम बैठक करेंगे जिसमें शपथ ग्रहण और अन्य औपचारिकताओं पर निर्णय लिया जाएगा। यह भी देखा गया कि जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और श्याम रजक भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और उन्हें जीत की बधाई दी। सीएम से मुलाकात के बाद लोजपा नेता चिराग पासवान ने कहा कि वे नीतीश जी से मिलकर चुनावी जीत के लिए आभार व्यक्त करने पहुंचे थे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। 101 सीटों पर लड़ने वाली BJP ने 89 सीटों पर जीत हासिल की। जबकि दूसरे नंबर जदयू है जिसने 101 सीटों पर लड़कर 85 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं महागठबंधन में 143 सीटों पर लड़ने वाली RJD 25 सीटों के साथ तीसरे नंबर की पार्टी बनी है। चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) ने 19 सीटों पर जीत हासिल की जबकि महागठबंधन में कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने फिर से 5 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा की पार्टी ने भी 5 सीटों पर जीत हासिल की और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 सीटों पर विजय पाई। प्रशांत किशोर की जन सुराज और मुकेश सहनी की VIP तो अपना खाता भी नहीं खोल सकी है।