बिहार चुनाव की गहमागहमी के बाद अब नतीजों की बारी है। चुनावी प्रेशर और भागदौड़ से फुर्सत मिलते ही सभी नेता अब अपने—अपने अंदाज में हल्के हो रहे हैं। जहां मुख्यमंत्री रिजल्ट से पहले अब भगवान के घर हाजिरी लगा रहे, तो उपेंद्र कुशवाहा चुनावी खुमार को अपने पूरे परिवार संग ठेले वाले के पास गोलगप्पे खाकर उतार रहे हैं। आज बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक—एक कर मंदिर, मजार और गुरुद्वारे जाकर भगवान से अपनी जीत के लिए दुआएं की। मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान उनके करीबी जदयू नेता विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी साथ दिखे।
मुख्यमंत्री नीतीश आज सबसे पहले पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां उन्हों बजरंगबली से एनडीए की जीत के लिए आशीर्वाद लिया। वहां थोड़ी देर पूजा अर्चना के बाद वे सीधे पटना हाईकोर्ट के नजदीक स्थित हजरत साह जलाल शहीद की मजार पर गए और यहां उन्होंने मजार पर चादर चढ़ाया। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना सिटी के गुरुद्वारा जाकर वहां भी मत्था टेका और अपने गठबंधन की विजय का आशीर्वाद लिया। इस दौरान तीनों ही जगहों पर सीएम नीतीश कुमार के साथ विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी नजर आए।
उधर बिहार विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद एनडीए के ही एक अन्य बड़े नेता रालोमो सुप्रीमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा रोहतास के सासाराम में अपने परिवार संग ठेले पर गोलगप्पे व चाट का मजा लेते नजर आए। इस दौरान एनडीए के कार्यकर्ता भी भारी संख्या में वहां मौजूद रहे। बताया गया कि सासाराम के गौरक्षणी मोहल्ले में सड़क किनारे एक गोलगप्पा की दुकान पर उपेंद्र कुशवाहा अपनी पत्नी स्नेहलता, पुत्र दीपक तथा पुत्रवधू साक्षी के साथ पहुंचे थे जहां उन्होंने गोलगप्पे का आनंद लिया। वहां कुशवाहा ने खुद गोलगप्पा खाया तथा अपने कार्यकर्ताओं को भी खिलाया। कुशवाहा की पत्नी सासाराम से एनडीए प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं।