पटना : बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर माहौल बना हुआ है, इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राजद नेता राबड़ी देवी के बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखी प्रतक्रिया देते हुए बेटे तेजप्रताप यादव पर भी खुलकर बोली। उन्होंने कहा कि जब गरीब का राज होता है तो लोग उसे जंगलराज कहते हैं, लेकिन जब हत्या और अपराध सत्ता संरक्षण में होते हैं तो उसे क्या कहा जायेगा?
राबड़ी देवी ने कहा कि “जब गरीब का बच्चा पढ़ने लगा, जब लोगों को हक मिला, तब जंगलराज कहा गया। लेकिन अब जब मोकामा और आरा में मर्डर हो रहे हैं, तो इसका क्या?” सीएम नीतीश पर निशाना साधते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि “हम लोग दुश्मन नहीं बनाते, वो लोग दुश्मन बनाते हैं।” राबड़ी ने तेजस्वी पर भरोसा जताते हुए कहा कि “जब मन में ठान लेगा तो करेगा, 17 महीने में करके दिखाया भी, और अब हर घर में सरकारी नौकरी पहुंचायेगा।
मीडिया के सवाल पर बेटे तेजप्रताप यादव को लेकर स्थिति साफ़ करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि “मन से तो बेटा है, पर पार्टी से और घर से ये लोग निकाला है। प्रचार के लिए नहीं जाऊंगी, लेकिन दिल में है कि चुनाव जीते। वो अपने पैरों पर खड़ा है और उसे बिहार में काम करने का पूरा हक है। आगे उन्होंने कहा कि “परिवार में कभी कुछ हो सकता है, पर भाई-बहन एक ही हैं। जिनका घर नहीं है, वो ही दूसरों के घर में लड़ाई लगाते हैं।”