बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब चंद दिन ही शेष रह गए हैं। लेकिन इससे पहले ही आज राजद महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा कुशवाहा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद प्रतिमा कुशवाहा ने भाजपा ज्वाइन कर लिया। भाजपा मीडिया सेंटर में आज हुए मिलन समारोह में प्रतिमा कुशवाहा समेत कई दलों के नेता बीजेपी में शामिल हुए। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। दिलीप जायसवाल ने प्रतिमा कुशवाहा को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर प्रतिमा कुशवाहा ने कहा कि मैं छठी मैया से आशीर्वाद मांगती हूं कि एनडीए गठबंधन की सरकार बने, ताकि बिहार में विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ता रहे। लालू प्रसाद यादव की पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही। बाहरी लोग पार्टी में शामिल हो गए हैं जिससे परिवार और पार्टी दोनों बिखर गए हैं।
भाजपा में शामिल होने के बाद प्रतिमा कुशवाहा ने राजद पर हमला करते हुए कहा कि अब राजद में किसी को भी मज़बूत कार्यकर्ता की तरह सम्मान नहीं मिलता। सिर्फ़ राजद नेता लक्ष्मी नारायण का प्रभाव बढ़ा है और कुछ बाहरी लोग पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस वजह से पार्टी और इसका आधार, दोनों कमज़ोर हुए हैं। वहां सभी समर्पित कार्यकर्ता चुनाव में पार्टी नेतृत्व को जवाब देने के लिए तैयार हैं। चुनाव आने पर पता चलेगा कि कौन कितना मज़बूत है। हमने रोज़गार देने, कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर बनाने और बिहार के लोगों को शिक्षित करने का काम किया है ताकि हर कोई हमारी बात समझे और हमारा साथ दे।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि—‘नायक नहीं, खलनायक है यह’। उन्होंने कहा कि अभी वह जननायक से नायक पर आए हैं। अब आने वाले दिनों में वह खलनायक का पोस्टर लगाएंगे। तब एक नया गाना आपको मैं सुनाऊंगा। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में एक माहौल बन रहा है। राजद में परिवारवाद है। वहां लालू परिवार को छोड़कर किसी के लिए जगह नही है, इसलिए राजद की छवि जनता के बीच परिवारवाद की है। बिहार के मतदाताओं ने मन बना लिया है कि मोदी की गारंटी और नितीश कुमार के विकास पर ही भरोसा किया जा सकता है। लालू प्रसाद यादव ऐसे ही ट्वीट करते रहते हैं अब ट्विटर करेंगे।