केरल दौरे पर आज बुधवार को पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उस वक्त बाल—बाल बच गईं जब उनके हेलीकॉप्टर का पहिया वहां उतरते वक्त हेलीपैड के कंक्रीट में धंस गया। यह घटना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही मानी जा रही। दरअसल राष्ट्रपति को सबरीमाला यात्रा पर लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर बुधवार को केरल के एक लैंडिंग पैड पर फंस गया। उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग प्रमदम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में नए कंक्रीट से बने हैलीपैड पर हो रही थी। उसी दौरान उसका एक हिस्सा धंस गया। बाद में पुलिसकर्मियों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
राष्ट्रपति मुर्मू सबरीमाला जाने के लिए आज केरल पहुंची थीं। हेलीपेड पर उतरने के बाद उनका काफिला वहां से सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हो गया। राष्ट्रपति के वहां से रवाना होने के बाद कई पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के जवान हेलीकॉप्टर के पहियों को हैलीपैड के गड्ढों से बाहर निकालते दिखे। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रमदम को अंतिम समय में तय किया गया था। बीती देर रात ही वहां हेलीपैड बनाया गया था इसीलिए वह ठीक से सूख नहीं पाया था। पहले राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पंबा के पास निलक्कल में होनी थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से जगह को बदलकर प्रमदम कर दिया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था, इसलिए लैंडिंग के समय वह हेलीकॉप्टर का वजन संभाल नहीं पया। हेलीकॉप्टर के पहियों का दबाव जहां भी पड़ा वहां पर गड्ढे बन गए। राष्ट्रपति मुर्मू चार की आधिकारिक यात्रा पर केरल पहुंचीं और वह सबरीमाला के लिए रवाना हुईं। भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने वाली वह पहली महिला राष्ट्रपति हैं। वहीं पूर्व राष्ट्रपति वीवी गिरि के बाद इस मंदिर में दर्शन करने वाली वह दूसरी राष्ट्रपति भी हैं। वीवी गिरि 1970 के दशक में सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। सबरीमाला मंदिर में दर्शन के बाद, वह शाम को तिरुवनंतपुरम वापस लौटेंगी।