बांका/धोरैया : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव नीरज पासवान ने धोरैया विधानसभा क्षेत्र से संभावित एनडीए प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश करते हुए धोरैया वासियों से आशीर्वाद की अपील की है। नीरज पासवान, जो कि बसबिट्टा धोरैया के निवासी हैं, ने वर्ष 2015 में मारवाड़ी महाविद्यालय, भागलपुर से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सामाजिक जीवन में कदम रखा।
उन्होंने पार्टी संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते हुए चिराग ब्रिगेड बांका जिलाध्यक्ष, दलित सेना के प्रदेश सचिव, और वर्तमान में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बिहार के प्रदेश सचिव के रूप में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि “मेरी यह राजनीतिक यात्रा आप सभी धोरैया वासियों के आशीर्वाद का ही परिणाम है। आपके आशीर्वाद से ही आज मैं धोरैया के चहुँमुखी विकास और सम्मान के लिए मजबूती से खड़ा हूँ।”
नीरज पासवान ने यह भी कहा कि यदि ईश्वर और जनता का आशीर्वाद रहा तो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री आदरणीय चिराग पासवान जी धोरैया विधानसभा सीट को एनडीए गठबंधन में शामिल कराने में सफल होंगे। उन्होंने धोरैया की जनता से पुनः अपील की कि वे अपना आशीर्वाद बनाए रखें। “मैं वादा करता हूँ कि अंतिम सांस तक आप सबकी सेवा करता रहूँगा,” उन्होंने भावुक स्वर में कहा।