पूर्व केंद्रीय मंत्री बक्सर से भाजपा सांसद रहे अश्विनी कुमार चौबे 11 अक्टूबर को जेपी जन्म जयंती पर उनके पटना स्थित आवास पर लोकतांत्रिक शक्ति की मजबूती, राजनीति में शुचिता व आत्मशुद्धि हेतु एक दिवसीय उपवास करेंगे। इस बारे में बोलते हुए अश्विनी चौबे ने बताया कि अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति संगठन के साथ जेपी सेनानी मंच एवं लोकतंत्र सेनानी मंच के संयुक्त तत्वावधान में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जन्म दिवस के अवसर पर उनकी जन्म जयंती मनाई जा रही है। इसमें बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से 1974 जेपी आंदोलन एवं आपातकाल के भुक्तभोगी सेनानी व उनके परिवारजन भाग लेंगे एवं नई पीढ़ी के साथ जेपी आंदोलन के संकल्प को दोहराएंगे।
कार्यक्रम में जुटेंगे देशभर के जेपी सेनानी
श्री चौबे ने बताया कि जेपी की जन्म जयंती वाले दिन 11 अक्तूबर को वंशवाद, भ्रष्टाचार, अल्पसंख्यक तुष्टीकरण से जुड़ी शक्तियों के ऊपर दलित, पिछड़े, युवा और महिलाओं को शासन सत्ता से जोड़कर युवा सशक्तिकरण के माध्यम से विकसित भारत बनाने की ओर अग्रसर शक्तियों की विजय के सिंहनाद के रूप मे जेपी की जयंती मनाई जाएगी। उक्त निर्णय की घोषणा सम्पूर्ण क्रांति और लोकतंत्र सेनानी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री चौबे ने की। उन्होंने बताया कि जेपी निवास महिला चरखा समिति सभागार मे सम्पूर्ण क्रांति, सशक्त लोकतंत्र और युवा शक्ति विषय पर संगोष्ठी के उद्घाटन के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान आमंत्रित हैं। जेपी के सहयोगी रहे कुमार अनुपम के अनुसार राजनीतिक सभाओं मे व्यक्तिगत भद्दी टिप्पणियों के खिलाफ वाक शुचिता का संदेश फैलाने के लिए खुद अश्विनी कुमार चौबे और जेपी सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी एवं सचिन संतोष शर्मा व देश भर के कई नामी स्वतंत्रता सेनानी जेपी की प्रतिमा पर दिन भर का उपवास भी करेंगे।
इस मौके पर जेपी सेनानी सम्पूर्ण क्रांति मंच के विशाल सिंह, किरण, इन्दू शरण के साथ लोकतंत्र सेनानी संगठन के मनोज मिश्र, अर्जित चौबे आदि कई जेपी सेनानी उपस्थित थे। अश्विनी चौबे ने जानकारी दी कि दिल्ली एवं अन्य राज्यों से आए पूर्व सांसद कैलाश सोनी के साथ ही पद्मश्री सुरेन्द्र किशोर, रीता किशोर, जयप्रकाश महन्थ, विशेश्वर प्रसाद, ब्रह्मदेव पटेल, चर्चित कवि सत्यनारायण, कमला प्रसाद, डॉ किरण घई, पद्मश्री विमल जैन, शम्भू प्रसाद सिंह, डॉ एम के मधु, रमाकांत पांडे, हरेन्द्र प्रताप, नीलिमा सिन्हा, अधिवक्ता प्रकाश सहाय के अलावा स्वः सुशील मोदी, स्व नरेंद्र सिंह और स्व मिथिलेश कुमार सिंह की धर्म पत्नियों सहित कई जेपी सेनानियों को सम्मानित भी किया जाएगा ।