राजद नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा है कि सरकार बनी तो 20 महीने के अंदर कानून बनाकर हर उस परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे, जिसके घर में कोई नौकरी नहीं करता। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेजस्वी यादव ने यह बड़ी घोषणा करते हुए भाजपा-जदयू की नीतीश सरकार को जमकर घेरा। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री द्वारा रेवड़ियां बांटने और सौगातों की झड़ी लगाने पर तेजस्वी ने कहा कि हमारी योजनाओं की ये सरकार नकल कर रही है। अब ये लोग 10 लाख नौकरी देने की बात कर रहे हैं, लेकिन हम जब ये बात कर रहे थे तो वो कह रहे थे कि पैसा कहां से लाएगा? 17 महीने में हमने रोजगार पर फोकस किया। लेकिन ये लोग राजगार पर फोकस करने के बजाए राज्य के युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दे रहे हैं।
तेजस्वी ने कहा कि ये लोग साल भर से ज्यादा समय से युवाओं को शिक्षक भर्ती में सवा लाख पद पर बहाली की बात करते रहे। लेकिन चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक सिर्फ जुमलेबाजी की और युवाओं को झुनझुना थमा दिया। तेजस्वी ने कहा कि हमारी सरकार बनते ही हम पहली अधिसूचना जारी करेंगे कि बिहार के जिन परिवारों के पास सरकारी नौकरी नहीं है, उन्हें अनिवार्य रूप से सरकारी नौकरी दी जाए। 20 महीनों के अंदर हर उस परिवार को सरकारी नौकरी देंगे, जिनके पास सरकारी नौकरी नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा, बिहार में पिछले 17 महीनों के काम से मैं संतुष्ट नहीं हूं। बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। पिछले 20 साल से लोग पक्के मकान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हम सरकार बनने के 20 दिनों के अंदर ही इसके लिए कानून बनाएंगे। बिहार के लोगों को सिर्फ सामाजिक नहीं, बल्कि आर्थिक न्याय भी मिलेगा। तेजस्वी यादव ने जो वादा किया है, उसे जरूर पूरा करेंगे’।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जैसे ही चुनाव आया, यह सरकार बेरोजगारी भत्ता देने लगी। लेकिन रोजगार देने की बात ही नहीं कर रही है। मेरा कर्म बिहार है और मेरा धर्म बिहारी होना है। इसे साबित करने के लिए हमें सिर्फ पांच साल का मौका चाहिए। हम बिहार को एक सच्ची, ईमानदार और परफेक्ट सरकार देंगे। अपनी नीयत, सेवा और जिम्मेदारी का सबूत हम 17 महीनों में दे चुके हैं। पांच लाख नौकरियां देकर हमें खुशी है, लेकिन मैं अभी संतुष्ट नहीं हूं। तेजस्वी ने कहा कि सामाजिक न्याय के बाद बिहार अब आर्थिक न्याय का राज्य बनेगा। पहली घोषणा है चुनाव के नोटिफिकेशन के बाद, बिहार के पास जिस भी परिवार के सरकारी नौकरी नहीं है, ऐसे हर परिवारों को एक नया अधिनियम बनाकर अनिवार्य रूप से उस परिवार में नौकरी दी जाएगी। 20 साल में एनडीए ने हर घर में असुरक्षा और बेरोज़गारी का खौफ दिया। अब हम हर घर को जॉब देंगे।