जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बीजेपी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। अभी कल ही उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर तमाम गंभीर आरोपों के साथ उम्र में हेराफेरी का आरोप भी लगाया। अब बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दानिश इकबाल ने पलटवार करते हुए जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह पर ही उम्र में हेराफेरी का आरोप लगाया है। दानिश इकबाल ने फेसबुक पर पोस्ट में लिखा कि-सबूत के साथ–प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह उर्फ पप्पू, बिहार के सबसे बड़े उम्र चोर हैं। बिहार बीजेपी के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने आरोप लगाया कि जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह उर्फ पप्पू ने चुनाव आयोग को अलग-अलग उम्र बताई है। जब 2004 लोकसभा के चुनाव लड़े तब पप्पू 44 साल के थे। फिर 2009 में लोक सभा चुनाव में 57 साल के हो गए। मात्र 5 साल में 13 साल बढ़ गया। अरे भाई कौन सा शिलाजीत लिए थे?
इसके बाद भाजपा प्रवक्ता ने अपने पोस्ट में लिखा कि ये PK रोज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के सम्राट चौधरी को उम्र चोर बोल रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि उस समय उनकी बगल में उदय सिंह बैठा हुआ था। दानिश ने कहा कि सम्राट चौधरी पर अंगुली उठाने वाले प्रशांत किशोर को पहले अपने दामन में झांकना चाहिए। इस मामले में पहले तो इतना बड़ा उम्र घोटाला करने के लिए इलेक्शन कमीशन को उदय सिंह को जेल में डालना चाहिए। और इसके बाद पीके को बताना चाहिए क्यों अलग अलग बर्थ डेट बताया गया। उदय सिंह अपना कौन सा कांड बचाने के लिए ये सब किये थे। इसके बाद बीजेपी प्रवक्ता ने लिखा कि उदय सिंह ने 2004 से 2009 के बीच पाँच साल में 13 साल के उम्र की चोरी कैसे कर ली। इसका जवाब प्रशांत किशोर को देना चाहिए।
विदित हो कि कल सोमवार को जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि सम्राट चौधरी ने 1995 के एक हत्या मामले में मुकदमे से बचने के लिए अपनी उम्र के आंकड़े से छेड़छाड़ की थी। पीके के मुताबिक, सम्राट ने दस्तावेज़ों में अलग-अलग डेट ऑफ बर्थ दिखाईं और खुद को नाबालिग साबित कर कोर्ट में ट्रायल से राहत पा ली थी। पीके ने कहा कि जो नेता आज बिहार का चेहरा बनने का दावा कर रहे हैं, उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत ही उम्र चुराकर की थी। पीके के हमले के अगले ही दिन भाजपा की तरफ़ से अब उम्र चोरी के इस मामले में कड़ा पलटवार आया है।