चुनाव आयोग आज दोपहर 3 बजे बिहार की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर देगा। इसके साथ बिहार में चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण का काम भी पूरा हो जाएगा। चुनाव आयोग विधानसभा क्षेत्रानुसार वोटर लिस्ट जारी करेगा। SIR शुरू होने से पहले बिहार की वोटर लिस्ट में कुल 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 वोटर्स के नाम थे। सूत्रों के अनुसार अब SIR के तहत 65.63 लाख लोगों के नाम हटाकर पहले एक अगस्त 2025 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई थी और आज 30 सितंबर 2025 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जा रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चुनाव आयोग ने बिहार की वोटर लिस्ट अपडेट के लिए 25 जून 2025 को बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू किया। इसका पहला फेज 31 जुलाई 2025 को पूरा हुआ और एक अगस्त को 65 लाख नाम हटाकर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई। इसमें 3 लाख लोगों को नोटिस दिया गया था। 1 अगस्त 2025 से 1 सितंबर 2025 के बीच 16.93 लाख लोगों ने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और 2.17 लाख लोगों ने नाम कटवाने के लिए अप्लाई किया। एक सितंबर से 30 सितंबर के बीच आए आवेदनों पर काम एक अक्टूबर से शुरू होगा। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए अब आधार कार्ड भी मान्य है। आज फाइनल लिस्ट में जिनके नाम नहीं होंगे, वे चुनाव नामांकन की आखिरी तारीख से 10 दिन पहले तक नाम जुड़वाने के लिए अप्लाई कर पाएंगे।
फाइनल वोटर लिस्ट में छुट गया नाम, कैसे जुड़वाएं? जानें
चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार आपके विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में नामांकन की अंतिम तारीख से 8 दिन पहले तक नाम जुड़वाने का आवेदन स्वीकार किया जाएगा। आवेदन जमा होने के बाद इसे सात दिन तक नोटिस बोर्ड पर चिपकाया जाता है, ताकि कोई व्यक्ति आपत्ति दर्ज कर सके। यदि इस दौरान कोई आपत्ति दर्ज नहीं होती है तो निर्वाची पदाधिकारी आठवें दिन नाम वोटिंग सूची में शामिल कर देते हैं, जिसके बाद उस व्यक्ति के लिए वोट डालना संभव होता है। अगर किसी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से गायब है या गलत है तो उसके लिए चुनाव आयोग ने सीधी प्रक्रिया बताई हुई है। अगर वोटर लिस्ट में किसी को अपमे नाम या विवरण से जुड़ी समस्या मिलती है तो मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं।
विदित हो कि चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इसके लिए बैठकों का दौर शुरू है। चुनाव आयोग अब प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके बिहार के सभी 38 जिलों के कमिश्नर, IG-DIG, DM-SP-SSP से बात करके चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेगा। उधर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी बिहार आने वाले हैं। वे अपनी पूरी टीम के साथ बिहार आ रहे हैं। समझा जाता है कि वे यहां अधिकारियों के साथ चुनाव को लेकर बैठक करेंगे और इसके बाद 5 अक्टूबर के आसपास कभी भी बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।