भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शनिवार की सुबह अपने पितरों की आत्मा को मोक्ष की प्राप्ति के लिए पिंडदान करने गया जी पहुंची। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला में आज श्राद्ध का 14वां दिन है, जिसे वैतरणी सरोवर तर्पण और गौदान के लिए विशेष माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन वैतरणी वेदी पर स्नान और तर्पण करने से पिंडदानी के 21 कुलों का उद्धार होता है। इसी दिन आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गयाजी पहुंचीं। उन्होंने विष्णुपद मंदिर परिसर में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना को लेकर विधि-विधान से पिंडदान किया। गर्भगृह में जाकर राष्ट्रपति ने पूजा-अर्चना भी की। राष्ट्रपति आज ही पिंडदान के बाद 12 बजे के करीब दिल्ली लौट गईं।
राष्ट्रपति विशेष विमान से गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं और वहां से सख्त सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से विष्णुपद मंदिर पहुंचीं। हवाई अड्डे पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से मंदिर तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आम लोगों का आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया और निर्धारित मार्ग पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया।
राष्ट्रपति के पिंडदान के लिए जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर में विशेष इंतज़ाम किए। एल्यूमिनियम फैब्रिकेटेड हॉल में तीन अलग-अलग कक्ष बनाए गए, जिनमें से एक में राष्ट्रपति ने अपने परिजनों के साथ पिंडदान किया। इस दौरान गयापाल पुरोहित राजेश लाल कटरियार के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। यह पहला अवसर है जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गया पहुंचकर अपने पूर्वजों का पिंडदान किया। इससे पहले कल शुक्रवार को देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी ने भी परिवार संग गयाजी पहुंचकर अपने पितरों का पिंडदान किया था।