कटिहार : मनिहारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना बौलिया पंचायत भवन के पास की है, जहां मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने महेश मंडल को गोली मार दी। महेश मंडल अपने काम से घर जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो हमलावरों ने अचानक गोली चला दी। गोली के छर्रे गर्दन के पिछले हिस्से में लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर लेकिन गंभीर बताया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
घायल महेश मंडल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनकी किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें हमले का कारण समझ नहीं आ रहा। घटना के तुरंत बाद हमलावर मौके से मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। कटिहार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण को लेकर एक बार फिर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।