पटना से सटे दनियावां में आज शनिवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब एक हाइवा ने सामने से आ रहे ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए जाते हैं।। मरने वालों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार ऑटो सवार सभी लोग नालंदा के रहने वाले हैं और ये सभी गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां सभी की हालत गंभीर बताई जाती है। दनियावां पुलिस मौके पर पहुंची हुई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दनियावां पुलिस के अनुसार हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले इस भीषण हादसे की पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी
घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया फिर वहां से घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना का शिकार ऑटो जब्त कर लिया है जबकि फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतकों की पहचान हिलसा के मलमा गांव निवासी संजू देवी, दीपिका पासवान, कुसुम देवी, ऑटो चालक चंदन कुमार, कंचन पांडेय, बीरेंद्र राउत की पत्नी, शंभू राम की पत्नी और विकास राम की पत्नी के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि हादसा उस समय हुआ जब हिलसा के मलामा गांव के ये सभी लोग एक ऑटो में सवार होकर फतुहा गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में दनियावां—हिलसा स्टेट हाईवे—4 पर सिगरियावा स्टेशन से थोड़ा आगे बढ़ते ही सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनके ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई। सभी 8 मृतकों में 7 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।